लाल किले के पास धमाके पर गृह मंत्री का पहला बयान, आई-20 कार में हुआ धमाका; हर एंगल से हो रही जांच

दिल्ली में लाल किले के पास धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह घायलों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे है। इस दौरान उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं, पीएम मोदी ने भी कहा कि उन्होंने गृह मंत्री और अन्य अधिकारियों से जानकारी ली है। प्रभावितों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले गृह मंत्री शाह ने मामले की पूरी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि आज शाम करीब सात बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में धमाका हुआ। इस विस्फोट में कुछ राहगीर घायल हुए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है। आगे उन्होंने कहा कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं।

आगे गृह मंत्री ने कहा कि मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पूरी जांच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जांच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे। मैं शीघ्र ही घटनास्थल पर जाऊंगा और तुरंत अस्पताल भी जाऊंगा।

घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। इस बीच एनएसजी, एनआईए और फोरेंसिक विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हैं। गृह मंत्री आईबी निदेशक के साथ लगातार संपर्क में थे और हालात की निगरानी खुद कर रहे थे।