इटावा के गौतम बुद्ध पार्क में 86 लाख रुपये की सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास, मंत्री जयवीर सिंह ने किया लोकार्पण

इटावा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 पर्यटन विभाग द्वारा इटावा के प्रसिद्ध गौतम बुद्ध पार्क में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं नई परियोजनाओं का शिलान्यास आज उत्तर प्रदेश सरकार के मा० मंत्री श्री जयवीर सिंह के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 86 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।

इस अवसर पर मा० मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। गौतम बुद्ध पार्क जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का सौंदर्यीकरण न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को एक आकर्षक और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रघुराज सिंह शाक्य सहित जिले के अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई कि इस सौंदर्यीकरण कार्य के पूर्ण होने के बाद गौतम बुद्ध पार्क इटावा का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा।