नोरा फतेही और संजय दत्त का गाना ‘सरके चुनर’ रिलीज के बाद से ही लगातार विवादों में घिरा हुआ है। गाने के बोल और डांस स्टेप को लेकर इसकी आलोचना की जा रही है और इस पर बैन लगाने की मांग की जा रही है। अब सरकार ने सेंसर बोर्ड को इस गाने को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सीबीएफसी को गाने पर सख्त कार्रवाई करने और आरोपों के सही पाए जाने पर सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से गाने को हटाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि फिल्मों और संगीत वीडियो में अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी को और सख्त किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर, सार्वजनिक तौर पर अश्लील या हानिकारक मानी जाने वाली सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए फिल्म प्रमाणीकरण नियमों में संशोधन पर भी विचार किया जा सकता है।
