प्रशंसकों के लिए खुशखबरी, लखनऊ में रद्द हुए चौथे टी20 के टिकट की राशि मिलेगी वापस

उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के रद्द होने के बाद दर्शकों को टिकट की पूरी राशि वापस करने की घोषणा की है। यह मैच घने कोहरे और स्मॉग के कारण लखनऊ के इकाना स्टेडियम में नहीं हो सका। मैच का समय शाम 7 बजे निर्धारित था, लेकिन खराब दृश्यता के कारण अंपायरों द्वारा छह बार निरीक्षण के बाद बुधवार रात करीब 9:30 बजे मुकाबले को रद्द कर दिया गया।

यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने एक विज्ञप्ति में बताया, जिन दर्शकों ने ऑनलाइन टिकट बुक किए हैं, उन्हें टिकट की राशि उसी माध्यम से वापस की जाएगी, जिससे भुगतान किया गया था। रिफंड से संबंधित सूचना पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। दर्शकों को अपने ईमेल पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

उन्होंने बताया कि जिन दर्शकों ने ऑफलाइन टिकट खरीदे हैं, वे 20, 21 और 22 दिसंबर को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे के बीच एकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के गेट नंबर-2 स्थित बॉक्स ऑफिस से रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। ऑफलाइन टिकट धारकों को रिफंड के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा और इसके लिए उन्हें अपने मूल भौतिक टिकट तथा पहचान सत्यापन के लिए सरकारी पहचान पत्र की प्रति साथ लानी होगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि टिकट धारकों को बैंक विवरण के साथ रिफंड फॉर्म भरकर मूल टिकट जमा करना होगा। दस्तावेजों और जानकारी के सत्यापन के बाद ही रिफंड की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और राशि सीधे संबंधित बैंक खातों में भेजी जाएगी।