सितंबर का दूसरा हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए बेहद खास साबित होने जा रहा है। रोमांस से भरे ड्रामे, हाई-ऑक्टेन एक्शन और हल्की-फुल्की कॉमेडी, हर तरह का कंटेंट आपके मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर हाजिर होगा। आइए जानते हैं इस वीकेंड किस दिन और किस प्लेटफॉर्म पर क्या कुछ देखने को मिलेगा।
–निर्देशक लोकेश कनगराज की फिल्म ‘कुली’ 11 सितंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म में सुपरस्टार रजनीकांत के साथ नागार्जुन और आमिर खान नजर आ रहे हैं। कहानी एक बोर्डिंग हाउस मालिक देव के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने दोस्त की संदिग्ध मौत की जांच करता है और उसे एक खतरनाक स्मगलिंग गैंग से भिड़ना पड़ता है।
–अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ 12 सितंबर यानी आज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो गई है। मोहित सूरी निर्देशित इस फिल्म की कहानी एक संगीतकार और एक लेखक की है, जो गहरे रिश्ते में बंधते हैं, लेकिन लेखक की अल्जाइमर बीमारी उनके प्यार की सबसे बड़ी कसौटी बन जाती है।
–कोरियाई ड्रामा टेम्पेस्ट 10 सितंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुआ है। इसमें एक पूर्व राजनयिक एक ऐसे षड्यंत्र का खुलासा करता है, जो कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिरता को हिला सकता है। राजनीतिक थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए यह बेहतरीन विकल्प साबित होगा।
–डकोटा जॉनसन, क्रिस इवांस और पेड्रो पास्कल जैसे बड़े सितारों से सजी फिल्म मैटेरियलिस्ट्स 13 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी। फिल्म एक महत्वाकांक्षी न्यूयॉर्क की मैचमेकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद अपनी लव लाइफ को लेकर जद्दोजहद करती दिखाई देती है।
–दो दोस्तों की पार्टनरशिप और शराब के कारोबार में कदम रखने की हिम्मत दिखाने वाली सीरीज़ डू यू वाना पार्टनर 12 सितंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। कहानी उनके सपनों, चुनौतियों और नियम तोड़ने वाली यात्राओं पर आधारित है।
–लोकप्रिय सीरीज वुल्फ किंग का दूसरा और अंतिम सीजन 11 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के सामने आ गया है। इसमें ड्रू फेरन अपने लोगों को बचाने और दुश्मनों से आखिरी लड़ाई लड़ने के लिए अपनी गद्दी हासिल करने की कोशिश करता है।
