पूर्व पीएम के बेटे एचडी रेवन्ना रेप केस से बरी, कोर्ट ने सुनाया फैसला

JDs विधायक एचडी रेवन्ना को बड़ी राहत मिली है. बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने उन्हें 2024 में दर्ज हुए सेक्सुअल असॉल्ट केस से बरी कर दिया है. यह मामला पिछले साल काफी सुर्खियों में रहा था, क्योंकि रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के बेटे और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पिता हैं. प्रज्वल इस समय रेप और सेक्स वीडियो केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं.
सोमवार को स्पेशल कोर्ट ऑफ पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स ने सुनवाई के बाद कहा कि शिकायत और केस दर्ज करने में काफी देरी हुई थी. इसी आधार पर कोर्ट ने IPC की धारा 354A (सेक्सुअल हैरेसमेंट) के तहत लगे आरोपों को हटा दिया. जज केएन शिवकुमार ने साफ कहा कि यह मामला देरी को माफ करने के योग्य नहीं है, इसलिए कोर्ट आरोपी के खिलाफ संज्ञान लेने से इनकार करता है.
इससे पहले हाई कोर्ट ने IPC की धारा 354 (सेक्सुअल असॉल्ट) के तहत लगे आरोप को रद्द कर दिया था. अब स्पेशल कोर्ट ने 354A के तहत लगे आरोप भी हटा दिए हैं. यानी रेवन्ना अब इस केस में पूरी तरह से बरी हो गए हैं.
क्या है पूरा मामला?

शिकायत करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि वह 2019 से 2022 तक होलेनरसीपुर के एक गर्ल्स हॉस्टल में किचन असिस्टेंट के तौर पर काम कर रही थी. उसने दावा किया कि इस दौरान उसे रेवन्ना के घर के कामों के लिए भी इस्तेमाल किया गया. महिला ने कहा कि 2020 में रेवन्ना ने उसे तब परेशान किया जब घर पर कोई नहीं था. साथ ही, उसके बेटे प्रज्वल पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया.