शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दोषी करार

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को अब गाड़ी चलाने के लिए इंटरलॉक डिवाइस का इस्तेमाल करना होगा, क्योंकि सिडनी की एक अदालत ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में उन्हें दोषी पाया है। ईस्टर संडे के दिन रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट के पास पहुंचने पर एक यात्री के साथ सीट बदलने की कोशिश करने के बाद 39 वर्षीय वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में 1,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया।

यह घटना पांच अप्रैल को हुई थी, जब वॉर्नर एक वाहन चला रहे थे और रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट से पहले ही रुकने के कारण चर्चा में आ गए। रैंडम ब्रेथ टेस्ट में कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा अल्कोहल पाए जाने पर पूर्व टेस्ट ओपनर पर मिड-रेंज ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप लगाया गया था। पिछले महीने वॉर्नर ने सिडनी की अदालत में ड्रिंक-ड्राइविंग के आरोप को स्वीकार कर लिया था। अदालत ने इस मामले में अंतिम सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की थी, जहां वॉर्नर को ‘मिड-रेंज’ ड्रिंक-ड्राइविंग के उल्लंघन के लिए स्थानीय ट्रैफिक कानूनों के तहत सजा का सामना करना पड़ा।

वॉर्नर के वकील अवैस अहमद ने तर्क दिया कि उन्हें इस अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए, क्योंकि मीडिया कवरेज के कारण उन्हें पहले ही अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ी है। भारत और बांग्लादेश जैसे देशों में, जहां वॉर्नर टी20 फ्रेंचाइजी लीग में खेलने की कोशिश कर सकते हैं, वहां शराब न पीने की संस्कृति को स्वीकार किया जाता है। उन्होंने कहा, उनके अपराध के परिणाम गंभीर हैं। व्यावसायिक अवसरों पर असर पड़ रहा है।

Leave a Comment