फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 जनपद में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचने के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सिंचाई विभाग के अनुसार गुरुवार को गंगा नदी का जलस्तर 136.85 मीटर दर्ज किया गया, जो 136.60 मीटर के चेतावनी बिंदु से ऊपर है। वहीं रामगंगा नदी का जलस्तर फिलहाल बिलो गेज है।
बाढ़ से जनपद के 36 गांव प्रभावित हुए हैं। इनमें तहसील सदर के 9, कायमगंज के 13 तथा अमृतपुर के 14 गांव शामिल हैं। प्रभावित गांवों में कुल 27,267 लोगों की आबादी और 5,725 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें सदर तहसील में 4,015, कायमगंज में 4,487 तथा अमृतपुर में 18,765 लोग प्रभावित हैं।
प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करते हुए जिले में 24 अस्थायी बाढ़ शरणालय स्थापित किए हैं। इनमें से दो शरणालयों का उपयोग किया गया, जहां अब तक 423 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया और उन्हें पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा 52 अस्थायी बाढ़ चौकियां संचालित की जा रही हैं, जहां आवश्यक कार्मिकों की तैनाती की गई है।
बचाव एवं आवागमन के लिए जिले में 52 नावें और 10 मोटर बोट लगाई गई हैं। साथ ही एनडीआरएफ की एक टीम, फ्लड पीएसी की एक कंपनी तथा 53 स्वयंसेवी गोताखोर राहत एवं बचाव कार्यों में तैनात हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में 63 मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जिनमें अब तक 2,306 लोगों का उपचार किया जा चुका है। साथ ही 1,062 ओआरएस पैकेट और 2,681 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गई हैं। प्रशासन ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) उपलब्ध है।
पशुपालन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में 21 पशु शिविर संचालित किए हैं, जहां अब तक 551 पशुओं का उपचार और 5,034 पशुओं का टीकाकरण किया गया है। पशुओं के लिए चारा एवं भूसे की भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
राहत वितरण के तहत अब तक 1,500 बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न पैकेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी रहेंगे।
