फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 नगर के मोहल्ला लाड़मपुर से चिलसरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क के बीच ट्रक खड़ा कर मोरम उतारने के कारण करीब चार घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे रामलीला मैदान के पास स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मोरम उतारने के लिए ट्रक को सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया गया। इससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और दोपहिया, चारपहिया वाहनों सहित अन्य राहगीर काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
दोपहर में विद्यालयों की छुट्टी होने पर छात्र-छात्राओं को भी जाम के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दुकानदार को थाने ले जाकर कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद ट्रक चालक से तत्काल मोरम उतरवाकर सड़क खाली कराई गई। लगभग चार घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह वाहन खड़े कर निर्माण सामग्री उतारने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को जाम जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
