टी20 विश्व कप के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे फिल्मी सितारे

आज शनिवार से टी20 विश्व कप 2026 शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत भव्य उद्घाटन समारोह से होगी। टी-20 वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में कई फिल्मी सितारे भी रौनक बिखरेंगे। मशहूर रैपर बादशाह और अभिनेत्री नोरा फतेही धांसू परफॉर्मेंस देंगे।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, टी20 विश्व कप उद्घाटन समारोह का रंगारंग कार्यक्रम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। मैच देखने पहुंचने वालों को इसके साथ-साथ खास म्यूजिकल ट्रीट भी मिलेगी। शुक्रवार को ICC ने एलान किया कि पॉपुलर रैपर बादशाह, बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगे। नोरा और बादशाह के अलावा नियो-क्लासिकल म्यूजिक के धुरंधर ऋषभ रिखिराम शर्मा और लेजेंडरी तालवादक आनंदन शिवमणि भी ऑफिशियल ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगे। अपने परफॉर्मेंस को लेकर एक्साइटेड बादशाह ने एक प्रेस नोट में कहा, ‘मैं खेल, एंटरटेनमेंट और कल्चर के इस ग्लोबल सेलिब्रेशन का हिस्सा बनकर बहुत एक्साइटेड हूं। म्यूजिक भी क्रिकेट की तरह लोगों को एक साथ लाता है और मैं इस शानदार स्टेज पर पूरी एनर्जी के साथ परफॉर्म करने के लिए उत्साहित हूं’।

ऋषभ रिखिराम शर्मा ने कहा, ‘T20 वर्ल्ड कप में परफॉर्म करना मैंने कभी सोचा नहीं था, लेकिन यह भारतीय संगीत को सच में ग्लोबल स्टेज पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मैं इस ऐतिहासिक पल में अपनी संगीत परफॉर्मेंस को लेकर बहुत खुश हूं। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों के सामने शिवमणि के साथ स्टेज शेयर करके और भी ज्यादा सम्मानित महसूस कर रहा हूं’। शिवमणि ने कहा, ‘म्यूजिक और क्रिकेट दोनों एक यूनिवर्सल भाषा बोलते हैं। मुंबई में T20 ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह भारत की एनर्जी और खेल के प्रति प्यार का सेलिब्रेशन है’।