फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 जनपद के लिए बड़ी राहत की खबर है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि जिले की पेयजल व्यवस्था को सुचारू और सुलभ बनाने के लिए 226.94 करोड़ रुपये की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना से आने वाले समय में जिलेवासियों को शुद्ध पेयजल की स्थायी सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृत डीपीआर को अब एसएलटीसी (State Level Technical Committee) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव मुख्य सचिव (Chief Secretary) के स्तर से होकर कैबिनेट में जाएगा। सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होते ही परियोजना पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि यह योजना फर्रुखाबाद की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि अब वह दिन दूर नहीं जब “हर नल से जल” का सपना साकार होगा।
विधायक ने इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की तेज कार्यशैली का परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतार रही है। फर्रुखाबाद के विकास की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।
