फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर समेत आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ककरैया निवासी टिंकू पुत्र संजेश अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में रूनी निवासी अभय प्रताप पुत्र रामसेवक ने बोलेरो गाड़ी संख्या UP 84 Y 9939 से ओवरटेक कर उसे रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक अभय प्रताप ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जबरन घर के अंदर खींच ले गया। वहां पहले से मौजूद रिशू अंदौरिया पुत्र दिनेश भदौरिया, अविनाश उर्फ कल्याण सिंह पुत्र रामसेवक, निहाल पुत्र रमेश चंद्र कठेरिया, चंद्रभान पुत्र रामसेवक कठेरिया, रामसेवक पुत्र जगन्नाथ कठेरिया तथा हिस्ट्रीशीटर बदमाश राजाराम कठेरिया के परिवार के अन्य लोगों ने कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई की।
बताया गया है कि इसी दौरान अतुल पुत्र नरेंद्र अपनी गाड़ी से मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी होने पर आरोपियों ने टिंकू को बाहर लाकर गाड़ी के पास छोड़ दिया। पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद अतुल उसे तत्काल जहानगंज थाना लेकर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। टिंकू ने थानाध्यक्ष जहानगंज को दिए प्रार्थना पत्र में सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
