बागपत:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम ने उन्हें पूर्ति विभाग के कार्यालय से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें बागपत कोतवाली ले गई, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नरेंद्र नाम के राशन डीलर ने मेरठ विजिलेंस टीम से शिकायत की थी कि जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी हर महीने राशन उठान पर 25 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से अवैध वसूली की मांग कर रहे थे। आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर राशन की दुकान निरस्त करने की धमकी भी दी जा रही थी।
राशन डीलर ने लगातार हो रही मांग और दबाव से परेशान होकर पूरे मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद पूर्ति विभाग के कार्यालय में जाल बिछाकर टीम ने अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता नरेंद्र भी मौके पर मौजूद रहा। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
