फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अप्रैल 2026 जनपद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम नैनिया नगला निवासी रामप्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र अनुज शाक्य की बीती रात फांसी लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनुज ने करीब सात माह पूर्व कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के ग्राम नकटई निवासी वंदना के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के लगभग तीन माह बाद वंदना अपने मायके चली गई थी और करीब 10 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी।
घटना की रात अनुज और उसकी पत्नी एक ही कमरे में मौजूद थे। देर रात करीब 1 बजे पत्नी के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला, जिस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देख सभी स्तब्ध रह गए—अनुज का शव छत के कुंडे से साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि घटना संदिग्ध है। उनका कहना है कि शव के पैर जमीन पर टिके हुए थे, जिससे उन्हें हत्या कर फांसी पर लटकाने की आशंका है। अनुज चिलसरा रोड स्थित अपने मकान के बाहर टेंट हाउस और डीजे का काम करता था।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों के आरोपों के आधार पर मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कमरे में दो दरवाजे थे—एक अंदर से बंद था और दूसरा बाहर से बंद मिला। युवक ने रसोई की ओर फांसी लगाई थी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
