फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अप्रैल 2026 जनपद के थाना मेरापुर क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना मेरापुर पुलिस ने मु0अ0सं0 38/26 धारा 103(1) बीएनएस में वांछित अभियुक्त मोहन सिंह पुत्र बदन सिंह निवासी ग्राम नदौरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (टकोरा) और खून से सनी शर्ट भी बरामद की है।
क्या है पूरा मामला
घटना 19 अप्रैल 2026 की है, जब वादी नेकराम ने थाना मेरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई मोहन सिंह ने उनके पिता की हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका अपने पिता से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। वह जमीन अपने या अपने पुत्र के नाम करवाना चाहता था, लेकिन पिता के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने टकोरे से वार कर पिता की हत्या कर दी।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक राजीव पाण्डेय, उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
