फर्रुखाबाद:04 फरवरी को फतेहगढ़ में महिला जनसुनवाई, पीड़ित महिलाओं को मिलेगा त्वरित न्याय का अवसर

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जनवरी 2026 जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से दिनांक 04 फरवरी 2026 को पूर्वान्ह 11:00 बजे एक महत्वपूर्ण महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। यह जनसुनवाई विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता श्रीमती सुनीता सैनी, माननीय सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ द्वारा की जाएगी।

महिला जनसुनवाई के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, भरण-पोषण, बाल विवाह सहित विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की जाएगी तथा संबंधित मामलों में त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इस अवसर पर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

इसके साथ ही शासन की विभिन्न महिला एवं बाल कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जागरूकता चौपाल एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल चन्द्र द्वारा जनपद की समस्त पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ पहुँचकर माननीय सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के समक्ष अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पीड़ित महिलाओं को न्याय की सुलभ एवं प्रभावी व्यवस्था प्राप्त होगी।