फर्रुखाबाद:विशेष अभियान के तहत बूथों पर पहुंचे मतदाता, सायं 4 बजे तक मौजूद रहे बीएलओ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जनवरी 2026 जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज जनपद के समस्त मतदान बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सायं 4 बजे तक उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।

बीएलओ के पास संबंधित बूथ की ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ-साथ नाम कटे हुए मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रही। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु) एवं फॉर्म-8 (नाम/विवरण में संशोधन हेतु) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचे और मतदाता सूची में अपने नाम व विवरण की जांच की। जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं पाया गया, उन्होंने फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को सौंपा। वहीं जिन मतदाताओं के नाम सूची में तो थे, लेकिन विवरण में त्रुटि थी, उन्होंने फॉर्म-8 भरकर सुधार की प्रक्रिया पूरी की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि आगामी निर्वाचन में कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।