फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है।
इस क्रम में जनपद के समस्त बूथ लेवल अधिकारी (BLO) दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावली को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि मतदाता अपने नाम, विवरण एवं प्रविष्टियों की जांच कर सकें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार कराया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01.2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके ऐसे नागरिक, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे प्रारूप-6 के माध्यम से नाम दर्ज करा सकते हैं।
वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7, तथा नाम, पता, अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, स्थानांतरण एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु प्रारूप-8 पर दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
इसके साथ ही समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए बीएलओ एवं सुपरवाइजर के कार्यों का निरंतर पर्यवेक्षण करें तथा उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप संपन्न हो सके।
