फर्रुखाबाद:मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण: दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।

आयोग द्वारा दावे-आपत्तियां प्राप्त करने हेतु विशेष अभियान तिथियां 18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

विशेष अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा निर्वाचक नामावली, गणना अवधि में Uncollectable श्रेणी में अंकित मतदाताओं की सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों की सूची को पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 में चार अर्हता तिथियां निर्धारित की गई हैं। यदि कोई मतदाता 01 जनवरी 2026 के अतिरिक्त 01 अप्रैल 2026, 01 जुलाई 2026 अथवा 01 अक्टूबर 2026 को अर्ह हो रहा है, तो वह अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन हेतु फॉर्म-7, तथा प्रविष्टि संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाता चिन्हांकन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 एवं घोषणा पत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकता है।

आयोग के निर्देशानुसार जनपद के समस्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिवों के साथ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में समय-समय पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जिलाधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने नामित यूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से विशेष अभियान तिथियों में अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें।

मतदाता सूची में पंजीकरण अथवा किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए ऑनलाइन माध्यम से भी Voter Helpline App एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 घोषणा-पत्र सहित जमा किए जा सकते हैं।