फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जनवरी 2026 विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में चाइनीज मांझा की बिक्री और उपयोग के विरोध में नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मंच ने चाइनीज मांझा से हो रही लगातार दुर्घटनाओं और गंभीर चोटों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन देते हुए भईयन मिश्रा ने कहा कि चाइनीज मांझा आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार आवाज उठाई गई और आंदोलन किए गए, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे उनमें भय व्याप्त हो और वे इसकी बिक्री करने का साहस न कर सकें।
इस दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि पुलिस चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर चाइनीज मांझा की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हुई तो चौक पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक चाइनीज मांझा पर पूर्ण प्रतिबंध लागू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से निशित दुबे (पूर्व सभासद), आलोक मिश्रा भरे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, रईस नवाब, लकी शुक्ला, राजा मिश्रा, पंकज राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
