फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 फरवरी 2026 थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ पुलिस टीम ने देशभर में 100 से अधिक साइबर शिकायतों में संलिप्त एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्त पर लगभग 65 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है।
यह कार्रवाई आलोक सिंह (अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन) के निर्देशन एवं हरीश चन्दर (पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर रेंज) के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने मु0अ0सं0 04/2026, धारा 318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस तथा 66 (डी) आईटी एक्ट से संबंधित मामले में
जागेश्वर पुत्र वेदराम, निवासी ग्राम पुत्तु सिंह का गुडेरा, थाना अमृतपुर, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
ऐसे देता था ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त जस्ट डायल ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने का झांसा देता था। पूछताछ करने वाले लोगों से व्हाट्सएप व फोन कॉल के माध्यम से संपर्क कर बुकिंग के नाम पर एडवांस राशि लेता था।
लोगों को विश्वास में लेने के लिए आरोपी “तिरूपति लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड” के नाम से फर्जी जीएसटी, आरसी तथा ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन रसीद तैयार कर भेजता था। इस तरह आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 65 लाख रुपये की ठगी की।
बरामदगी
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें ठगी से संबंधित व्हाट्सएप चैट और फर्जी दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट पाए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
निरीक्षक जोगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सुबोध यादव, कांस्टेबल अरविंद यादव, कांस्टेबल कौटिल्य, कांस्टेबल दिपिन राठी, कांस्टेबल अंकित आर्य, कांस्टेबल गौरीशंकर, महिला कांस्टेबल शीतल
साइबर अपराध से बचाव के लिए अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें। साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी संपर्क किया जा सकता है।
सतर्क रहें, जागरूक रहें।
साइबर क्राइम पुलिस उत्तर प्रदेश सदैव आपकी सेवा में तत्पर है।
