फर्रुखाबाद:उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026:जनपद में तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम और एसपी ने की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 8, 9 और 10 जून को होने वाली परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित की जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे ट्रेजरी पहुंचकर परीक्षा सामग्री प्राप्त करने तथा समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, हैंडबैग, पर्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी तरह रोक रहेगी। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा नीले अथवा काले रंग का पेन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में स्थित फोटोकॉपी दुकानों, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित कर उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और आवश्यक संकेतकों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी कक्षों, शौचालयों और परिसर का गहन निरीक्षण किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल छह पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 40,320 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने परीक्षा से पूर्व रिहर्सल कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का दावा है कि समन्वित प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Comment