फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी के उद्देश्य से भगाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस के चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को वादिनी ने कोतवाली फतेहगढ़ में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बहन को अभियुक्तों ने षड्यंत्रपूर्वक बहला-फुसलाकर भगा लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त रामदेव उर्फ भूरे निवासी सरैया थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर तथा अभियुक्ता लक्ष्मी देवी उर्फ नीरज निवासी नगला राजन भोलेपुर, कोतवाली फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 व 61(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, अभियुक्त रामदेव उर्फ भूरे का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें अपहरण, मारपीट और धमकी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के निर्देशन में अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राममोहन सिंह, हेड कांस्टेबल विजेन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहीं।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
