फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 ढिलावल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पकरिया पोस्ट रुनी निवासी अनुप अग्निहोत्री पुत्र कैलाश चन्द्र शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान ढिलावल की ओर से आ रही एक डीसीएम, जिसमें ओवरलोड प्लास्टिक पाइप लदे बताए जा रहे हैं, सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
डीसीएम की टक्कर से पेड़ की एक भारी डाल टूटकर सामने से साइकिल से आ रहे अनुप अग्निहोत्री के ऊपर जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि अनुप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
डीसीएम का नंबर HR73 A 2264 बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच की जा रही है। वहीं, ओवरलोड पाइप लदे डीसीएम के पेड़ से टकराने को लेकर भी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
