फर्रुखाबाद:सीडीओ ने उच्च प्राथमिक विद्यालय महरूपुर सहजू का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 मुख्य विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद द्वारा शुक्रवार को विकास खण्ड बढ़पुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय महरूपुर सहजू का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षिक एवं अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। विद्यालय में सभी शिक्षक एवं अनुदेशक उपस्थित पाए गए।

निरीक्षण के समय इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीमती शबनम शहाना प्रवीन, सहायक अध्यापक श्री प्रशान्त कुमार कटियार, श्रीमती ऋिचा गंगवार एवं श्रीमती शीलू यादव तथा अनुदेशक श्रीमती मंजेश्वरी एवं श्रीमती आभा उपस्थित मिलीं।

पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक

निरीक्षण में विद्यालय में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध पाई गई। नल-जल आपूर्ति व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय एवं मूत्रालय उपयोग योग्य स्थिति में पाए गए। शौचालयों में जलापूर्ति की व्यवस्था के साथ टाइल्सीकरण का कार्य भी पूर्ण मिला।

दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुलभ शौचालय, रैम्प तथा रेलिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाई गई। विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉशिंग यूनिट क्रियाशील मिली। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई तथा कहीं जलभराव नहीं मिला।

रसोईघर में मेन्यू के अनुसार बना मिला भोजन

विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करने पर भोजन निर्माण से संबंधित व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के समय विद्यार्थियों के लिए मेन्यू के अनुसार टहरी बनाई गई थी। अधिकारियों द्वारा टहरी की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई।

विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण मिला और पूरा परिसर साफ-सुथरा पाया गया। कक्षा-कक्षों के फर्श का टाइलीकरण भी पूर्ण मिला।

148 विद्यार्थियों का मिला नामांकन

विद्यालय में कुल 148 विद्यार्थियों का नामांकन पाया गया। कक्षा-कक्षों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक फर्नीचर, डेस्क-बेंच एवं विद्युत उपकरण उपलब्ध मिले। विद्यालय में विद्युत संयोजन एवं विद्युत व्यवस्था भी क्रियाशील पाई गई।

विद्यालय में सुरक्षित प्रवेश के लिए मुख्य गेट तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध मिली। विद्यालय तक संपर्क मार्ग भी बना हुआ पाया गया।

व्यवस्थाओं के रख-रखाव पर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा समस्त अध्यापक उपस्थित मिले। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रधानाध्यापक एवं समस्त अध्यापकों को विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, भोजन एवं शैक्षिक वातावरण की स्थिति का जायजा लेना रहा।

Leave a Comment