फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 किसान सम्मान उत्सव के अवसर पर देश भर के बहुसंख्यक किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त का अंतरण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में आयोजित कार्यक्रम से बटन दबाकर किसानों के खातों में सम्मान निधि भेजी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से सरकार सीधे किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष द्वारा यह कहा जाता था कि चुनाव के बाद किसानों से यह धन वापस ले लिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को महंगाई से बचाने के लिए सरकार ने खाद की कीमतों को बढ़ने नहीं दिया। इसके लिए बंद पड़े खाद कारखानों को भी दोबारा शुरू कराया गया है। साथ ही किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए सोलर ऊर्जा की योजनाएं भी चलाई जा रही हैं, जिससे किसानों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे तेल के लिए विदेशों पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को सम्मान के साथ-साथ हर संभव सहायता भी प्रदान कर रही है।
इस दौरान West Bengal का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोग भी सुशासन और विकास की अपेक्षा रखते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि असम आज विकास का नया मॉडल बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम का सीधा सजीव प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम को देखा और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
