फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जनवरी 2026 जनपद में आज संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत विकासखंड बढ़पुर की ग्राम पंचायत बुढ़ानामऊ में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक श्री कपिल कुमार, उप जिलाधिकारी श्री रजनीकांत, सीओ सिटी, खंड विकास अधिकारी श्री योगेश कुमार पांडे सहित जनपद व विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत बुढ़ानामऊ के प्रधान श्री मनोज कुमार द्वारा जिलाधिकारी महोदय का स्वागत किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पानी की टंकी से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा ठंड से बचाव हेतु जरूरतमंद बुजुर्गों एवं गरीब परिवारों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण में राजरानी, प्रेमचंद, नन्ही बिटिया, मंजू सहित अन्य ग्रामीण लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था खंड विकास अधिकारी बढ़पुर के निर्देशन में की गई। एडीओ सहकारिता श्री गोविंद नारायण, ग्राम पंचायत सचिव श्री आलोक त्रिवेदी, एडीओ पंचायत श्री ओम पांडे, एडीओ आईएसबी श्री प्रदीप कुमार तथा पंचायत सहायक कुमारी रूपाली ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
