फर्रुखाबाद:विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान: 18 जनवरी, 31 जनवरी व 1 फरवरी को बूथों पर मिलेंगी मतदाता सूची

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जनवरी 2026 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद में तीन विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (राजस्व) अरुण कुमार सिंह ने सर्वसाधारण को जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विशेष अभियान तिथियों में अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे।

18 जनवरी को होगी मतदाता सूची की सार्वजनिक बैठक

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को सभी मतदान केंद्रों पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आलेख्य निर्वाचक नामावली उपस्थित नागरिकों को पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि मतदाता अपने नाम और विवरण की पुष्टि कर सकें।

विशेष अभियान की निर्धारित तिथियां

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोग द्वारा निम्न तिथियां निर्धारित की गई हैं—

18 जनवरी 2026 (रविवार)

31 जनवरी 2026 (शनिवार)

01 फरवरी 2026 (रविवार)

इन तिथियों में सभी बूथ लेवल अधिकारी बूथों पर मौजूद रहेंगे और मतदाता सूची निःशुल्क देखने के लिए उपलब्ध रहेगी।

त्रुटि सुधार व नए मतदाताओं का नामांकन

यदि निर्वाचक नामावली में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे मौके पर ही सुधारने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अर्ह नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए फॉर्म-6 भी प्राप्त किए जाएंगे।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं अपना नाम

मतदाता अपने नाम की पुष्टि निम्न माध्यमों से भी कर सकते हैं—

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर

www.ceouttarpradesh.nic.in

भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट

https://voters.eci.gov.in

मोबाइल में Voter Help Line App डाउनलोड कर

प्रशासन की अपील

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे दिनांक 18 जनवरी 2026 को अपने संबंधित बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि समय रहते सुधारी जा सके।