फर्रुखाबाद: विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी, 10 अप्रैल को होगा प्रकाशन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अप्रैल 2026 विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कुल 2,70,370 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, जिनकी सुनवाई भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए पूर्ण कर ली गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 अक्टूबर 2025 से 06 मार्च 2026 तक विभिन्न फार्मों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में

फॉर्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण): 70,512

फॉर्म-7 (नाम विलोपन): 2,764

फॉर्म-8 (संशोधन/शुद्धिकरण): 18,427

शामिल हैं। इन सभी आवेदनों का निस्तारण नियमानुसार कर लिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा, जिससे जनपद के मतदाताओं को अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची उपलब्ध हो सके।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर उप जिलाधिकारी श्री रवीन्द्र कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, सीपीआई (एम), अपना दल (एस) एवं कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन हो, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।