फर्रुखाबाद में सिटी गैस नेटवर्क का विस्तार तेज, PNG कनेक्शन के लिए मोहल्लावार कैंप लगेंगे

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अप्रैल 2026 जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क के विस्तार और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में CGD कार्य के लिए एचपीसीएल (HPCL) कंपनी को नामित किया गया है, जो पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रही है। वर्तमान में आवास विकास, पटेल नगर और मसेनी क्षेत्रों में गैस कनेक्शन संचालित हो रहे हैं। अब तक जिले में लगभग 130 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।

बैठक में यह भी बताया गया कि रेलवे एवं वन विभाग से लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्र अब उच्च स्तर से प्राप्त हो चुके हैं, जिसके बाद शेष कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

कनेक्शन शुल्क एवं प्रक्रिया:

पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क 354 रुपये है, जबकि पाइपलाइन/मीटर के लिए 5000 रुपये (रिफंडेबल) और गैस के अग्रिम शुल्क के रूप में 1500 रुपये (रिफंडेबल) जमा करने होंगे। 15 मीटर तक पाइपलाइन नि:शुल्क दी जाएगी, इसके बाद प्रति मीटर 531 रुपये शुल्क देना होगा।

कैंप लगाकर दिए जाएंगे कनेक्शन:

जिलाधिकारी ने कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि आवास विकास, पटेल नगर और मसेनी क्षेत्रों में मोहल्ला-स्तर पर कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, शेष पाइपलाइन कार्य को शीघ्र पूरा करने और साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

लोगों से अपील:

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सस्ती, सुरक्षित और सुगम गैस आपूर्ति के लिए अधिक से अधिक लोग पीएनजी कनेक्शन लें।

हेल्पलाइन नंबर:

उपभोक्ता सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18008330090 एवं 7409900090 तथा हेल्पलाइन नंबर 8423039875 जारी किए गए हैं।