फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह (फतेहगढ़) द्वारा थाना कम्पिल का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केन्द्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस तथा पुलिस कर्मियों की बैरकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और अभिलेखों को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र में आने वाले हिस्ट्रीशीटरों (एचएस), सक्रिय अपराधियों तथा टॉप-10 अपराधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारियों को बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने, क्षेत्र में नियमित गश्त करने तथा यक्ष ऐप के उपयोग को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें।
