फर्रुखाबाद: सिरौली ग्राम पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री आईडी व भूमि अधिग्रहण पर महत्वपूर्ण बैठक, 30 अप्रैल तक पंजीकरण अनिवार्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 ग्राम पंचायत सिरौली में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण एवं भूमि अधिग्रहण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसानों की सहभागिता देखने को मिली।

बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी किसान 30 अप्रैल तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। उन्होंने बताया कि निर्धारित समयसीमा के बाद जिन किसानों की आईडी नहीं बनेगी, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा उर्वरकों की खरीद के लिए भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य किसानों को भी जागरूक करें और समय रहते उनकी आईडी बनवाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि किसान अपने मोबाइल फोन, जन सुविधा केंद्रों या क्षेत्रीय कर्मचारियों की मदद से आसानी से फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा सकते हैं।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायत सिरौली में कुल 5600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जानी है, जिनमें से अब तक 2900 किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। शेष किसानों की आईडी जल्द से जल्द तैयार कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा इस अभियान को तेजी से पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे सभी पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।