फर्रुखाबाद:अमृतपुर में शिक्षामित्र सम्मान समारोह: विधायक सुशील शाक्य ने वितरित किए मानदेय के चेक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 मई 2026 बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने भाग लेकर शिक्षामित्रों को सम्मानित किया और उन्हें मानदेय के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया, जिसे सभी उपस्थित शिक्षामित्रों और अतिथियों ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

विधायक सुशील शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र हमारे शिक्षा तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी निष्ठा, समर्पण और मेहनत से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि का निर्णय शिक्षामित्रों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने वाला है।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षामित्रों का योगदान राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ी सशक्त और शिक्षित बन रही है। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।