फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 विकास क्षेत्र शमसाबाद स्थित कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय दनियापुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा अभियान की गतिविधियों को फरवरी माह तक बढ़ाए जाने के क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत की पहल तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसमें जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा तथा उनकी टीम के सदस्य अभय कान्त और शिवम चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ—सुरजीत सिंह, आशीष एवं गुरमीत सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने परिवार तथा गांव के लोगों को भी हेलमेट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों को ट्रैफिक संकेतों, रेड-ग्रीन-ऑरेंज सिग्नल के महत्व तथा ज़ेबरा क्रॉसिंग से सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना है।
यह कार्यक्रम फर्रुखाबाद जनपद में चल रहे सड़क सुरक्षा अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सुरक्षित यातायात के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
