फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्रामसभा बराकेशव में चकबंदी विभाग के विरोध और किसानों व महिलाओं पर दर्ज कथित फर्जी एफआईआर के खिलाफ चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन सोमवार को 15वें दिन भी जारी रहा। धरने पर किसान अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त किए जाने की मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि किसानों को लगातार उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें किसानों को उनकी जमीन के मामले में गुमराह कर रही हैं। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसानों का धरना अब निर्णायक स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो किसान आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने दावा किया कि फसलों को नुकसान पहुंचाने के प्रमाण किसानों के पास मौजूद हैं।
अजय कटियार ने कहा कि जिस क्षेत्र की जमीन लिंक एक्सप्रेसवे और औद्योगिक गलियारे के लिए अधिग्रहीत की जा रही है, वहां चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से किसान हित में चकबंदी की धारा 6(क) जारी किए जाने की मांग की।
उन्होंने आगे कहा कि किसान ट्रैक्टरों के साथ यात्रा निकालकर नवाबगंज थाने का घेराव करेंगे। उनका कहना है कि जिन किसानों की फसलें कथित रूप से बर्बाद की गई हैं, उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराने के बाद ही आंदोलनकारी वापस लौटेंगे।
धरना प्रदर्शन का संचालन जिला सचिव सुग्रीव पाल ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की। इस दौरान जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव बिजनेश यादव, शिवराम शाक्य, रामनरेश यादव, अजीत सोमवंशी, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
