फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज,जिले में बैंक ऋण मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09 मई 2026 के सफल आयोजन को लेकर फर्रुखाबाद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज एडीआर भवन में बैंक ऋण से संबंधित मामलों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।बैठक का आयोजन प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद श्री अभिनितम उपाध्याय के निर्देशन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार ने की। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।बैठक में बैंक ऋण अदायगी से जुड़े अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में चिन्हित कर निस्तारण हेतु संबंधित बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए, जिससे आपसी सहमति से त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।अब तक विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 1473 ऋण संबंधी मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किया जा चुका है, जो कि इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है।बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह, लीड बैंक के प्रबंधक श्री विवेक कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक श्री सुनील कुमार यादव, एक्सिस बैंक के डिप्टी प्रबंधक श्री गोविन्द सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक श्री सतीश कुमार तथा इंडियन बैंक के प्रबंधक श्री अनुराग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन द्वारा उम्मीद जताई गई है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिससे आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।