फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 जनपद में चोरी की एक घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पीड़ित महिला रीता शाक्य ने आरोप लगाया है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो उनकी एफआईआर दर्ज की गई है और न ही चोरी के मामले में कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
पीड़िता के अनुसार, लगभग आठ दिन पूर्व उन्होंने थाना मऊदरवाजा में लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनका पर्स चोरी हो गया है। पर्स में करीब 95 हजार रुपये मूल्य के जेवर और नकदी रखी हुई थी। शिकायत के बाद से वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।
महिला का आरोप है कि थाना मऊदरवाजा पुलिस घटना को थाना कायमगंज क्षेत्र का मामला बताकर पल्ला झाड़ रही है, जबकि कायमगंज पुलिस इसे मऊदरवाजा थाना क्षेत्र का मामला बताकर कार्रवाई से बच रही है। दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर भ्रम की स्थिति में पीड़िता न्याय के लिए भटकने को मजबूर है।
लगातार हो रही अनदेखी से परेशान होकर पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर एफआईआर दर्ज कराने और चोरी का खुलासा कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता को उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद मामले में निष्पक्ष जांच होगी और उसे न्याय मिलेगा। वहीं, इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
