फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 सरकार और स्वास्थ्य विभाग क्षय रोग (टीबी) से ग्रसित मरीजों को बीमारी से मुक्ति दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सीएचसी कमालगंज के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने 11 टीबी रोगियों को गोद लिया।
इस दौरान गोद लिए गए क्षय रोगियों को पोषण सहायता के रूप में गुड़, चना, सत्तू, तिल, गजक, बोर्नवीटा, फल आदि सामग्री से युक्त पोषण किट वितरित की गई। साथ ही मरीजों को टीबी बीमारी, उसके लक्षण, बचाव और नियमित उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
टीबी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है रोग
प्रभारी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से यह स्वस्थ व्यक्ति को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि टीबी रोगी को खांसते, छींकते, थूकते अथवा बातचीत करते समय मास्क का प्रयोग करना चाहिए और संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सकीय सलाह का पालन करना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो बीमारी को छिपाने के बजाय समय रहते जांच और उपचार कराएं। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का नियमित सेवन करें और उपचार के दौरान दी गई सभी सलाह का पालन करें।
टीबी मरीजों का मनोबल बढ़ाना जरूरी
डॉ. अजय सिंह ने कहा कि टीबी से पीड़ित व्यक्ति से परिवार के सदस्यों को दूरी बनाकर उसका मनोबल नहीं गिराना चाहिए। मरीज को परिवार और समाज का सहयोग मिलना जरूरी है। उचित उपचार, पौष्टिक आहार और सकारात्मक वातावरण से मरीज इस बीमारी पर काबू पा सकता है।
जिले में 3142 क्षय रोगी, 2987 मरीज गोद लिए गए
प्रभारी जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 3142 क्षय रोगी उपचाररत हैं। इस वर्ष अब तक विभिन्न संस्थाओं और अधिकारियों द्वारा 2987 क्षय रोगियों को गोद लिया जा चुका है। गोद लिए गए मरीजों को पोषण एवं उपचार में सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विकास पटेल, डॉ. निशी गौड़, डॉ. अरुण यादव, बीपीएम ज्योति, क्षय रोग विभाग के एसटीएस राजेश, पीएसआई अनुपम मिश्र सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
