फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 फरवरी 2026 जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी 2026, शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा “समर्पण दिवस” के रूप में मनाई गई। यह कार्यक्रम कादरी गेट–मसेनी मार्ग स्थित अलका मैरिज लॉन के सभागार में भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता शिव महेश दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संघर्ष और समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का आधार है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर चलते हुए भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। दीनदयाल उपाध्याय ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार साकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि दो सांसदों से शुरू हुआ भाजपा का सफर आज विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक दल के रूप में स्थापित हो चुका है और देश के कई राज्यों में बहुमत की सरकारें चल रही हैं। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का विश्वास व्यक्त किया। साथ ही बताया कि जल्द ही संगठन स्तर पर मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों की जानकारी दी जाएगी।
विशिष्ट अतिथि देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा के कारण आज सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। भारत माता को आराध्य मानकर देश को अखंड और सशक्त बनाने का संकल्प पार्टी ने लिया है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को अपनाकर भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है और भारत वैश्विक पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास का मूल आधार अंत्योदय है, यानी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण। वर्तमान केंद्र सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डीएस राठौर ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व जिला महामंत्री प्रभात अवस्थी, हेमचंद्र राजपूत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, ममता सक्सेना, रश्मि दुबे, अमरदीप दीक्षित, विकास पांडे, राजकुमार वर्मा, संतोष राजपूत, जय गंगवार, गुरुचरण आजाद, संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत, डॉ. धर्मेंद्र राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, डॉ. उदय प्रताप सिंह, मयंक सिंह बुंदेला, अंकित गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
