फर्रुखाबाद:ऑपरेशन मुस्कान:जनपद पुलिस ने 11 वर्षीय गुमशुदा बालक को 24 घंटे में किया सकुशल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अप्रैल 2026 जनपद की पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक 11 वर्षीय गुमशुदा बालक को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्यवाही से परिजनों में खुशी का माहौल है, वहीं आमजन द्वारा पुलिस की सक्रियता की जमकर प्रशंसा की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 अप्रैल 2026 को मोहल्ला खैराती खाँ निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली फर्रुखाबाद में सूचना दी कि उसका 11 वर्षीय पुत्र किसी बात पर डाँट दिए जाने से नाराज होकर घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने #ऑपरेशन मुस्कान और मिशन शक्ति 5.0 के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। तकनीकी साधनों और स्थानीय जानकारी के आधार पर बालक की खोज की गई। लगातार प्रयासों के चलते पुलिस ने बालक को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और जिम्मेदारी की भावना की खुलकर प्रशंसा की है। फर्रुखाबाद पुलिस का यह कदम न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि समाज में भरोसा भी कायम करता है।