फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अप्रैल 2026 जनपद के कम्पिल थाना क्षेत्र में आज किसानों से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हो गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने कम्पिल थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों का आरोप है कि कम्पिल थाना प्रभारी एवं सिवारा चौकी प्रभारी की कार्यप्रणाली पक्षपातपूर्ण है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस न केवल किसानों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रही है, बल्कि कथित रूप से भू-माफियाओं को संरक्षण भी दे रही है। इसी के विरोध में किसान संगठन ने यह बड़ा कदम उठाया है।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा किसानों को न्याय दिलाया जाए।
अजय कटियार ने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
धरना प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
मीडिया से अपील की गई है कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष कवरेज कर किसानों की आवाज को प्रमुखता से उठाया जाए।
