फर्रुखाबाद:शुद्ध मतदाता सूची से ही सशक्त होगी लोकतांत्रिक व्यवस्था- जिलाधिकारी

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मेजर एस.डी. सिंह विश्वविद्यालय, भोजपुर में भव्य मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार की भूमिका को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया। इसके उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त मतदान की शक्ति प्रत्येक मतदाता के हितों की रक्षा करती है और यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत हो सकती है जब मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन हो। इस दिशा में सभी बीएलओ को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है कि उनके क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे सभी युवाओं के मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनें।

जिलाधिकारी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को नहीं समझ पाएंगे। देश की नीतियां, अधिकार और जनप्रतिनिधि सभी मतदाताओं के मतदान पर निर्भर करते हैं। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने अधिकारों को और अधिक शक्तिशाली बनाएं, जिससे बेहतर जनप्रतिनिधियों का चयन हो सके।

कार्यक्रम के दौरान स्वीप एवं एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, अपर उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मतदाता उपस्थित रहे।