फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के पारंपरिक एवं विशिष्ट व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से “एक जनपद एक व्यंजन (One District One Cuisine)” योजना प्रारंभ की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जनपद विशेष के पारंपरिक व्यंजनों के संरक्षण, संवर्धन, ब्रांडिंग तथा उद्यम विकास को प्रोत्साहित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत व्यंजन आधारित उद्यमों की स्थापना, विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। आधुनिक मशीनों की स्थापना, पैकेजिंग एवं लेबलिंग, कोल्ड चेन व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण, क्लाउड किचन तथा अन्य नवाचार गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को परियोजना लागत के आधार पर मार्जिन मनी अनुदान दिया जाएगा। 25 लाख रुपये तक की परियोजना पर लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये, 25 से 50 लाख रुपये तक की परियोजना पर 20 प्रतिशत अथवा 6.25 लाख रुपये से अधिक राशि, 50 से 150 लाख रुपये तक की परियोजना पर 10 प्रतिशत अथवा न्यूनतम 10 लाख रुपये तथा 150 लाख रुपये से अधिक की परियोजना पर लागत का 10 प्रतिशत अधिकतम 50 लाख रुपये तक अनुदान के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उद्यमियों को प्रशिक्षण, गुणवत्ता सुधार, एफएसएसएआई एवं अन्य आवश्यक प्रमाणन, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑन-बोर्डिंग तथा विपणन संबंधी सहायता भी प्रदान की जाएगी। स्थानीय, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेलों एवं प्रदर्शनियों में भाग लेने वाले उद्यमियों को स्टॉल शुल्क, परिवहन व्यय तथा यात्रा व्यय पर भी निर्धारित सीमा तक अनुदान दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, गुणवत्ता सुधार, आधुनिक पैकेजिंग एवं उद्यमिता विकास से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी एवं मार्गदर्शन के लिए जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है।
उपायुक्त उद्योग सोनाली जिंदल ने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उद्यमी किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र, फर्रुखाबाद से संपर्क कर सकते हैं।
