फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत के साथ ही एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया। समारोह के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नवदंपतियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित आमजन से आगामी जनगणना में सक्रिय सहभागिता निभाने और स्वगणना (Self-Enumeration) अपनाने की विशेष अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी देश और प्रदेश के समग्र विकास, बेहतर नियोजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सटीक एवं विश्वसनीय जनगणना बेहद आवश्यक है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं का निर्माण करती है और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलती है।
उन्होंने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया यानी स्वगणना के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जनगणना प्रक्रिया में जागरूकता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समारोह में उपस्थित सभी नवविवाहित जोड़ों को आगामी जनगणना में स्वगणना अपनाने तथा सही जानकारी उपलब्ध कराने की सामूहिक शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान नवदंपतियों को सुखद, खुशहाल एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दी गईं। विवाह के इस मांगलिक अवसर पर जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश देकर प्रशासन ने नागरिकों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया।