फर्रुखाबाद:लोकनिर्माण विभाग की लापरवाही बनी मौत का कारण, जसमई चौराहे पर मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जसमई चौराहे पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्ची तेजस्वी श्रीवास्तव निवासी बजरिया चौकी के पास की जान चली गई। यह हादसा कायमगंज बाईपास से मुरहास कन्हैया जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण हुआ, जिसे लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत करते आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि उक्त मार्ग अत्यधिक ऊंचा-नीचा और क्षतिग्रस्त है, जिसके चलते यहां आए दिन ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं होती रहती हैं। महज 3 से 4 दिन पहले इसी मार्ग पर ई-रिक्शा पलटने से एक महिला का हाथ टूट गया था। इसके बावजूद लोकनिर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल थोड़ी गिट्टी डालकर औपचारिकता निभा दी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क की समुचित मरम्मत की मांग की गई, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। विभाग की इसी उदासीनता का परिणाम आज एक मासूम बच्ची की जान जाने के रूप में सामने आया।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने लोकनिर्माण विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय जनता का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की सही ढंग से मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक विभागीय लापरवाही आम जनता की जान लेती रहेगी।