फर्रुखाबाद:ग्राम पंचायतों में ओएसआर आय जमा करने में लापरवाही, 55 ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 विभागीय ओ.एस.आर. पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं वर्ष 2026-27 में ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सृजित आय की समीक्षा में कई ग्राम पंचायतों की प्रगति खराब पाई गई है। इसको लेकर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

समीक्षा के दौरान खराब प्रगति वाली ग्राम पंचायतों से संबंधित 55 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित सचिवों को तीन दिनों के भीतर कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सृजित आय के सापेक्ष शत-प्रतिशत धनराशि ग्राम पंचायत के ओ.एस.आर. खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही ऐसे ग्राम सचिवालय, जहां जनसेवा केंद्र का संचालन नहीं हो रहा है, वहां तत्काल जनसेवा केंद्र का संचालन प्रारंभ कराने के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कार्यवाही पूरी नहीं होने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की इस कार्रवाई से ग्राम पंचायतों में ओ.एस.आर. की धनराशि को नियमानुसार जमा कराने और ग्राम सचिवालयों में जनसेवा केंद्रों के प्रभावी संचालन को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हड़कंप है। प्रशासन ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment