फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अप्रैल 2026 आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर आज जिला स्तर पर अहम तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अभिनितम उपाध्याय ने अपने विश्राम कक्ष में की, जबकि संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री युगल शम्भू द्वारा किया गया।बैठक में अध्यक्ष महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण योग्य अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक वादों का समाधान कराया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, चकबंदी, लघु फौजदारी तथा विद्युत विभाग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।प्रशासन द्वारा अब तक कुल 69,384 मामलों को चिन्हित किया गया है, जिनमें 222 राजस्व वाद, 857 फौजदारी वाद तथा 68,305 प्रकीर्ण वाद शामिल हैं। इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।बैठक में षष्ठम अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार, उपजिलाधिकारी (राजस्व) श्री यदुवंश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी श्री उमाशंकर, एसडीओ श्री डी.के. राजपूत, सीओ सिटी श्री अभय कुमार वर्मा तथा वरिष्ठ सहायक श्री राधा रमन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निस्तारण कराएं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।
फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय लोक अदालत 09 मई को, जिले में 69,384 मामलों के निस्तारण की तैयारी तेज
