फर्रुखाबाद:चकबंदी के विरोध में बराकेशव में 12वें दिन भी जारी रहा किसानों का धरना, बड़े आंदोलन की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 सितम्बर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुक्रवार को 12वें दिन भी जारी रहा। धरने में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। किसानों ने चकबंदी प्रक्रिया के दौरान खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने और किसानों पर मुकदमे दर्ज किए जाने का विरोध किया।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि सरकारें किसानों के साथ धोखा कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीनों को कम कीमत पर लेकर उद्योगपतियों को देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने कहा कि यदि किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज होने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों की खड़ी फसलों को कुचलने का आदेश किस अधिकारी ने दिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे पीड़ित परिवार के साथ कथित अभद्रता का आरोप

धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हैं कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को सद्बुद्धि मिले, जिससे जनपद के किसानों और महिलाओं को न्याय मिल सके।

उन्होंने जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोरीखेड़ा में गत 14 दिसंबर को हुई एक अबोध बालक की हत्या का मामला उठाते हुए कहा कि घटना के करीब दस माह बाद भी हत्यारों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के फर्रुखाबाद आगमन के दौरान पीड़ित परिवार उनसे मिलना चाहता था, लेकिन थाना जहानगंज की प्रभारी द्वारा मृतक बच्चे की ताई के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हटाने तथा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

चकबंदी प्रक्रिया पर किसानों ने जताया विरोध

अजय कटियार ने कहा कि ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चकबंदी विभाग के अधिकारी पहले किसानों के बीच आकर यह स्पष्ट करें कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने का आदेश किस अधिकारी ने दिया था। उन्होंने दोषी अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और सभी किसान इसके लिए तैयार रहें। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से धरना स्थल पर मौजूद सभी लोगों पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव सुग्रीव पाल ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की।

इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, हिमांशु यादव, जगन्नाथ शाक्य, अजीत सोमवंशी, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Comment