फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जनवरी 2026 जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन सभागार, फतेहगढ़ में पुलिस अधीक्षक महोदय की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जनपद में अपराध की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, साइबर अपराधों की रोकथाम, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत आयोजित सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना जनपद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
बैठक का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आम जनता में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना रहा।
