फर्रुखाबाद को जल्द मिल सकता है आधुनिक ऑडिटोरियम, सदर विधायक ने 35 करोड़ के प्रस्ताव की अंतिम स्वीकृति के लिए पर्यटन मंत्री को सौंपा पत्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2026 जनपद में आधुनिक ऑडिटोरियम एवं मल्टीपर्पज़ हॉल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने गुरुवार को लखनऊ में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फर्रुखाबाद में प्रस्तावित ऑडिटोरियम एवं मल्टीपर्पज़ हॉल परियोजना के लगभग 35 करोड़ रुपये के एस्टीमेट सहित अंतिम स्वीकृति (Final Sanction) के लिए पत्र सौंपा।

विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने मंत्री से परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि जनपद को एक आधुनिक सांस्कृतिक एवं बहुउद्देशीय सभागार की सौगात मिल सके। प्रस्तावित ऑडिटोरियम के निर्माण से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहित्यिक आयोजनों, शैक्षणिक सेमिनारों, सरकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विधायक ने कहा कि लंबे समय से फर्रुखाबाद में एक बड़े और आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। परियोजना को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे जिले के सांस्कृतिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

जनपदवासियों को उम्मीद है कि शासन स्तर पर जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अंतिम मंजूरी मिल जाएगी और फर्रुखाबाद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम एवं मल्टीपर्पज़ हॉल की सौगात प्राप्त होगी।

Leave a Comment